रुद्रपुर। अपनी जिंदगी अपना संसार फाउंडेशन की ओर से जवाहरलाल नेहरू ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ वरिष्ठ भाजपा नेता एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भारत भूषण चुघ ने किया। इस दौरान फाउंडेशन के सदस्यों ने लोगों से बढ़-चढ़कर रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
शिविर का शुभारंभ करते हुए भारत भूषण चुघ ने कहा कि रक्तदान महादान है, क्योंकि हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन की रक्षा कर सकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता से जुड़ा कार्य है, जिसमें धर्म और मजहब की कोई बाधा नहीं होती। मानव जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है और जरूरत के समय किसी व्यक्ति को उपलब्ध कराया गया रक्त उसके लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है।

चुघ ने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को अपने जीवन में रक्तदान अवश्य करना चाहिए। रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है और ऐसे समय में रक्त की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने लोगों से रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान की जागरूकता बढ़ने से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा।
रक्तदान शिविर में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए रक्तदान किया। शिविर में अंकित राय और अशोक नेगी ने सबसे पहले रक्तदान कर अभियान की शुरुआत की। आयोजकों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान करने वाला व्यक्ति समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के साथ किसी अनजान व्यक्ति के जीवन को बचाने में भी सहभागी बनता है।
इस अवसर पर अपनी जिंदगी अपना संसार फाउंडेशन की संस्थापक सरिता ठाकुर, शिवम शर्मा, आदित्य आर्य, कृष्ण रस्तोगी, हीरामन, वजीर सिंह सहित डॉ. भूमिका तिवारी, जितेंद्र सिंह, विवेक चौहान, पिंकी बोरा, अनिल आदि मौजूद रहे। आयोजकों ने रक्तदाताओं और सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
0 Comments