ओलावृष्टि से बर्बाद फसलों का विधायक शिव अरोरा ने किया मौका मुआयना, ड्रोन सर्वे के निर्देश

रुद्रपुर। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में अचानक हुई तेज बारिश और भारी ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने विधायक शिव अरोरा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। उन्होंने गदरपुर की तहसीलदार लीना चंद्रा धामी और राजस्व विभाग की टीम के साथ पिपलिया-1, पिपलिया-2, आनंदखेड़ा, मोहनपुर, सुंदरपुर और हरिदासपुर समेत कई गांवों में खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया। विधायक ने खेतों में पहुंचकर नष्ट हुई फसलों को देखा और प्रभावित किसानों से बातचीत कर नुकसान की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विधायक शिव अरोरा ने अधिकारियों को फसल नुकसान का वास्तविक और निष्पक्ष आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से उन क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से सर्वे कराने को कहा, जहां ओलावृष्टि के कारण फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। विधायक ने अधिकारियों से तत्काल सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करने को कहा, ताकि नुकसान का आंकलन शासन को भेजकर प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत एवं मुआवजा दिलाने की कार्रवाई शीघ्र शुरू की जा सके।
पिपलिया-1, पिपलिया-2, आनंदखेड़ा, मोहनपुर, सुंदरपुर और हरिदासपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई खेतों में तैयार हो रही फसल पूरी तरह बर्बाद दिखाई दी। किसानों ने विधायक को बताया कि उन्होंने फसल तैयार करने में बीज, खाद, सिंचाई और अन्य कृषि कार्यों पर काफी धन खर्च किया था, लेकिन अचानक हुई ओलावृष्टि ने उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया। फसल खराब होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति पैदा हो गई है। विधायक शिव अरोरा ने प्रभावित किसानों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि अन्नदाता दिन-रात मेहनत कर देश और समाज के लिए अन्न पैदा करता है। प्राकृतिक आपदा के कारण जब किसान की तैयार फसल नष्ट होती है तो उसकी आर्थिक स्थिति पर सीधा असर पड़ता है। ऐसे समय में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि नुकसान का सही आकलन कर प्रभावित किसानों तक राहत पहुंचाने के लिए तेजी से कार्रवाई की जाए। शिव अरोरा ने कहा कि जिन क्षेत्रों में फसल शत-प्रतिशत नष्ट हुई है, वहां वास्तविक नुकसान सामने लाना प्राथमिकता है। उन्होंने तहसीलदार लीना चंद्रा धामी और राजस्व टीम को निर्देशित किया कि सर्वे कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और प्रभावित किसानों के नुकसान का सही विवरण तैयार किया जाए। ड्रोन सर्वे सहित अन्य माध्यमों से नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार होने के बाद नियमानुसार मुआवजे की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
विधायक ने कहा कि वह किसानों की समस्या को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष भी प्रमुखता से रखेंगे और उनसे वार्ता कर प्रभावित किसानों को जल्द राहत एवं उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विधायक होने के नाते इस कठिन समय में वह किसानों के साथ खड़े हैं। जिन किसानों की फसलें प्राकृतिक आपदा में बर्बाद हुई हैं, उनकी समस्या को शासन और प्रशासन के स्तर पर गंभीरता से उठाया जाएगा तथा किसानों को राहत दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान विधायक शिव अरोरा प्रभावित किसान लाड्डी सिंह का दुख साझा करते और उनकी समस्याएं सुनते भी नजर आए। विधायक ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी पीड़ा को शासन तक पहुंचाया जाएगा और नुकसान के आकलन के बाद नियमानुसार मुआवजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और राहत पहुंचाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान मंडल अध्यक्ष जगदीश विश्वास, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेश बजाज, इंद्रपाल चौधरी, मनमोहन वाधवा, प्रधान महेंद्र सैनी, काला चंद प्रधान, ओमियों विश्वास, कौशल विश्वास सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेते हुए किसानों को राहत दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

Post a Comment

0 Comments

ओलावृष्टि से बर्बाद फसलों का विधायक शिव अरोरा ने किया मौका मुआयना, ड्रोन सर्वे के निर्देश