रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली स्थित मुख्यालय में रुद्रपुर के वरिष्ठ भाजपा नेता भारत भूषण चुघ ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान चुघ ने नितिन नवीन को राज्यसभा सांसद की शपथ लेने पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक और राजनीतिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
भारत भूषण चुघ ने बातचीत के दौरान अपने हालिया राजनीतिक अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि उन्हें हाल ही में बिहार में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए प्रचार करने का अवसर मिला। इस दौरान उन्होंने नितिन नवीन के विधानसभा क्षेत्र सहित अन्य क्षेत्रों में करीब एक माह तक सक्रिय रूप से चुनाव प्रचार किया।
चुघ ने कहा कि बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह और जनता का समर्थन देखने को मिला। उन्होंने यह भी बताया कि चुनावी माहौल में पार्टी की नीतियों और केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर लोगों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली, जो भाजपा के लिए उत्साहजनक संकेत हैं।

मुलाकात के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी उत्तराखंड की राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि केंद्र और उत्तराखंड दोनों जगह भाजपा की सरकार है, ऐसे में संगठन को और मजबूत करने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं पर है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से तैयारी शुरू करने पर जोर दिया।
नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनावी रणनीति बनाने और जमीनी स्तर पर काम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती कार्यकर्ताओं की एकता और समर्पण पर निर्भर करती है। साथ ही उन्होंने सभी पदाधिकारियों से जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का आह्वान किया।
अंत में भारत भूषण चुघ ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर नितिन नवीन ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। चुघ ने भी आश्वस्त किया कि वे पार्टी के निर्देशों के अनुसार पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते रहेंगे।
0 Comments