
रुद्रपुर। वर्षों से अधर में लटका रोडवेज बस अड्डा परियोजना अब जल्द गति पकड़ती नजर आ रही है। विश्वकर्मा मार्केट के दुकानदारों के पुनर्वास को लेकर मेयर विकास शर्मा ने स्पष्ट किया है कि नगर निगम किसी भी दुकानदार को बिना पुनर्वास के नहीं हटाएगा। उन्होंने कहा कि प्रभावित सभी दुकानदारों के लिए पहले से पुनर्वास की पूरी योजना तैयार कर ली गई है और इसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
मेयर ने बताया कि छोटा जयसीज पब्लिक स्कूल के पास पुनर्वास के लिए स्थान चिन्हित कर लिया गया है। नगर निगम ने करीब 27 प्रभावित दुकानदारों की सूची भी तैयार कर ली है। एक-दो दिन के भीतर वहां रिटेनिंग वॉल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद सभी दुकानदारों को नई जगह पर व्यवस्थित रूप से बसाया जाएगा, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित न हो।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की नीति शुरू से स्पष्ट रही है कि विकास कार्यों के नाम पर किसी भी व्यापारी के साथ अन्याय नहीं किया जाएगा। पहले पुनर्वास और उसके बाद ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। पुनर्वास स्थल का ड्राइंग तैयार है, दुकानदारों के साथ कई दौर की बातचीत हो चुकी है और प्रभारी मंत्री की मौजूदगी में भी इस योजना की घोषणा की जा चुकी है।

मेयर ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार विकास और जनहित दोनों को साथ लेकर चल रही है। उन्होंने कहा कि जी-20 सम्मेलन के दौरान हटाए गए दुकानदारों को भी वेंडिंग जोन में पुनर्स्थापित किया गया था और उसी तर्ज पर रोडवेज बस अड्डा परियोजना से प्रभावित दुकानदारों को भी नई दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि रोडवेज बस अड्डे का निर्माण कार्य करीब 40 प्रतिशत पूरा हो चुका है, लेकिन विश्वकर्मा मार्केट के दुकानदारों के पुनर्वास का मामला लंबित होने के कारण आगे का कार्य प्रभावित हो रहा था। अब पुनर्वास की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। जैसे ही दुकानदार नई जगह स्थानांतरित होंगे, बस अड्डे के शेष निर्माण कार्य में तेजी आएगी और लंबे समय से रुकी परियोजना जल्द अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ेगी।
मेयर ने विश्वास जताया कि नया आधुनिक रोडवेज बस अड्डा बनने के बाद रुद्रपुर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, शहर की पहचान मजबूत होगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने दोहराया कि नगर निगम विकास और मानवीय संवेदनाओं के बीच संतुलन बनाते हुए सभी प्रभावित दुकानदारों का सम्मानजनक पुनर्वास सुनिश्चित करेगा।
0 Comments