
रुद्रपुर की सियासत में शनिवार को बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला, जब पूर्व पालिका अध्यक्ष एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री मीना शर्मा ने कांग्रेस का दामन छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उन्हें औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मीना शर्मा के साथ उनके समर्थक एवं अन्य कांग्रेस पदाधिकारियों ने भी भाजपा का दामन थामा। सदस्यता ग्रहण के पश्चात मीना शर्मा एवं अनिल शर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को गदा भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया, जिसे राजनीतिक रूप से सम्मान और समर्थन का प्रतीक माना जा रहा है। इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने नए सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
मीना शर्मा ने अपने संबोधन में कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने वर्षों तक पार्टी की सेवा की और महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया, लेकिन पार्टी की नीतियों और निर्णयों से वह लगातार असंतुष्ट थीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के मुद्दों पर कांग्रेस का रवैया विरोधाभासी और निराशाजनक रहा है।

उन्होंने विशेष रूप से केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिक्र करते हुए कहा कि एक ओर कांग्रेस ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का नारा देती है, वहीं दूसरी ओर महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले विधेयक का विरोध करती है। उनके अनुसार यह कांग्रेस के दोहरे चरित्र को उजागर करता है और महिलाओं के सम्मान के खिलाफ है।
मीना शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि रुद्रपुर में एक पूर्व विधायक द्वारा कथित वायरल ऑडियो में महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया, लेकिन कांग्रेस ने उस नेता के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि यह घटना उनके लिए निर्णायक साबित हुई और उन्हें यह एहसास हुआ कि पार्टी में महिलाओं का सम्मान सुरक्षित नहीं है।
भाजपा में शामिल होने के बाद मीना शर्मा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह भाजपा की नीतियों और सिद्धांतों से प्रभावित होकर इस परिवार का हिस्सा बनी हैं और भविष्य में पूरी निष्ठा के साथ पार्टी को मजबूत करने का कार्य करेंगी।
उन्होंने यह भी दावा किया कि आने वाले समय में रुद्रपुर में कांग्रेस को और बड़े झटके लगेंगे, क्योंकि कई नेता पार्टी छोड़ने की तैयारी में हैं। उन्होंने कहा कि वह पूरे क्षेत्र में भ्रमण कर कांग्रेस की कथनी और करनी के अंतर को जनता के सामने लाएंगी और भाजपा सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगी।
विधायक शिव अरोरा ने इस मौके पर कांग्रेस को “डूबता जहाज” करार देते हुए कहा कि पार्टी से लगातार नेताओं का मोहभंग हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि मीना शर्मा के अनुभव और महिलाओं के बीच उनकी पकड़ से भाजपा को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा।
शिव अरोरा ने आगे कहा कि रुद्रपुर की जनता कांग्रेस के नेताओं की मानसिकता और कार्यशैली को भली-भांति समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का सफाया तय है और भाजपा तीसरी बार सत्ता में वापसी करेगी।
इस दौरान भाजपा में शामिल होने वालों में अनिल शर्मा, संजीव रस्तोगी, सुमित राय, दिनेश मौर्य, रामप्रसाद, पूनम गुप्ता, अंजू जैन, सरोज रानी, श्वेता शर्मा और सुदर्शन शर्मा समेत कई प्रमुख नाम शामिल रहे। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ती भरद्वाज, के.पी. राठी सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिससे आयोजन का राजनीतिक महत्व और बढ़ गया।
0 Comments