बिल्डर के अरमानों पर प्रशासन ने फेरा पानी,14 एकड़ की कॉलोनी में निकली डेढ़ एकड़ सरकारी जमीन, प्रशासन ने सरकारी बोर्ड लगाकर कॉलोनी को किया सील

रुद्रपुर। रुद्रपुर-काशीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित जीआरडी इंटरनेशनल स्कूल के सामने ग्राम खानपुर पूर्व में विकसित की जा रही लगभग 14 एकड़ की कॉलोनी पर जिला प्रशासन का बड़ा डंडा चला है। राजस्व विभाग की जांच में कॉलोनी के भीतर करीब डेढ़ एकड़ सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा और निर्माण पाए जाने के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर पूरी कॉलोनी को सील कर दिया। साथ ही सरकारी भूमि पर सरकारी बोर्ड लगाकर कब्जा दर्ज कर लिया गया है। इस कार्रवाई से जिले के बिल्डरों और भूमाफियाओं में हड़कंप मच गया है।
तहसील प्रशासन के अनुसार, एक गोपनीय शिकायत मिलने के बाद तहसीलदार के निर्देश पर राजस्व उप निरीक्षक, कानूनगो और स्थानीय पटवारी द्वारा मौके की पैमाइश की गई। जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि लगभग 14 एकड़ में विकसित की जा रही कॉलोनी के भीतर करीब डेढ़ एकड़ सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य किया गया है। जांच रिपोर्ट तहसील को सौंपे जाने के बाद प्रशासन ने तत्काल सख्त रुख अपनाते हुए कॉलोनी को सील कर दिया और सरकारी भूमि पर बोर्ड लगाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि यह कॉलोनी देव होम्स से जुड़ी है और इसमें कई अन्य लोग भी साझेदार बताए जा रहे हैं। प्रशासन अब पूरे प्रोजेक्ट की वैधता, भूमि अभिलेखों और प्लॉट बिक्री की भी जांच कर रहा है। सूत्रों के अनुसार कॉलोनी के अधिकांश प्लॉट पहले ही बेचे जा चुके हैं। तहसील प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण की पुष्टि अंतिम रूप से होती है तो अतिक्रमण हटाने, निर्माण ध्वस्त करने और पूरी कार्रवाई का खर्च भी संबंधित बिल्डर से ही वसूला जाएगा।
रुद्रपुर बाईपास बनने के बाद इस क्षेत्र में जमीनों की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। ऐसे में करोड़ों रुपये मूल्य की सरकारी भूमि पर कब्जे के इस मामले ने प्रशासन को सख्त कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया है। अब इस पूरे प्रकरण पर सभी की नजरें टिकी हैं कि आगे दोषियों के खिलाफ क्या कानूनी कदम उठाए जाते हैं।

Post a Comment

0 Comments

बिल्डर के अरमानों पर प्रशासन ने फेरा पानी,14 एकड़ की कॉलोनी में निकली डेढ़ एकड़ सरकारी जमीन, प्रशासन ने सरकारी बोर्ड लगाकर कॉलोनी को किया सील