जम्मू राष्ट्रीय वोविनाम चैंपियनशिप के लिए उत्तराखंड टीम रवाना, भारत भूषण चुघ ने दी शुभकामनाएं

रुद्रपुर। जम्मू के भगवती नगर स्थित इंडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम में 3 से 6 सितंबर तक आयोजित होने वाली 15वीं राष्ट्रीय वोविनाम चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने के लिए उत्तराखंड की वोविनाम टीम मंगलवार को रवाना हुई। भाजपा नेता एवं समाजसेवी भारत भूषण चुघ ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देकर टीम को रवाना किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि उत्तराखंड की टीम राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेगी। भारत भूषण चुघ ने कहा कि वोविनाम खेल प्रदेश के खिलाड़ियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। उन्होंने इसका श्रेय वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष ऋषि पाल भारती और उनकी टीम के अथक प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन के प्रयासों से इस खेल को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं खेल मंत्री रेखा आर्य के नेतृत्व में उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। हल्द्वानी में प्रस्तावित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना से खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।
वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष ऋषि पाल भारती ने बताया कि राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन वोविनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के नेतृत्व तथा जम्मू-कश्मीर वोविनाम एसोसिएशन के सौजन्य से किया जा रहा है। प्रतियोगिता में देशभर से 1000 से अधिक खिलाड़ी सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नवंबर में कंबोडिया में होने वाली एशियन वोविनाम चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयनित किया जाएगा। संस्था के उपाध्यक्ष एवं तकनीकी निदेशक देवेंद्र रावत ने बताया कि उत्तराखंड की टीम में 93 खिलाड़ी तथा रेफरी परीक्षा के लिए 17 सदस्य सहित कुल 110 सदस्य शामिल हैं। टीम के हेड कोच ऋषि पाल भारती और विश्वकेतु वैद्य हैं। महासचिव विनोद लखेड़ा ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर उत्तराखंड का मान बढ़ाएगी। इस अवसर पर अमित चौधरी, गंगा मेहरा, रूनू शर्मा, विक्रम कुमार, अपूर्व मनोहर सिंह, नरेंद्र सिंह, मयंक श्रीवास्तव, विक्रम सिंह, क्षितिज सिंह, गुलशन कुमार, यतेन्द्र कुमार, मुकेश यादव, वसीम खान, जॉनी हीराम तिग्गा, हिमा भट्ट, केदार दत्त समेत अनेक अभिभावक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments

जम्मू राष्ट्रीय वोविनाम चैंपियनशिप के लिए उत्तराखंड टीम रवाना, भारत भूषण चुघ ने दी शुभकामनाएं