रुद्रपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कुमार ऑटो व्हीकल प्राइवेट लिमिटेड रुद्रपुर की ओर से पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण मुक्त भारत का संदेश देने के उद्देश्य से इलेक्ट्रिक वाहनों की भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। कार्यक्रम को “फ्रीडम ड्राइव” नाम दिया गया। रैली में इलेक्ट्रिक वाहनों को तिरंगे झंडों, आकर्षक बैनरों और रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया था। रैली के माध्यम से लोगों को पारंपरिक ईंधन वाले वाहनों के स्थान पर इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने तथा देश और प्रदेश को प्रदूषणमुक्त बनाने का संदेश दिया गया।

रैली का शुभारंभ कुमार ऑटो व्हीकल्स के शोरूम से हुआ। तिरंगे झंडों के साथ इलेक्ट्रिक वाहनों का काफिला किच्छा रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग ब्यास के पास पहुंचा, जहां से फ्लाईओवर पर चढ़ते हुए रिंग रोड के विभिन्न मार्गों से होकर आगे बढ़ा। पूरे मार्ग में रैली ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इलेक्ट्रिक वाहनों के माध्यम से निकाली गई इस रैली में “प्रदूषण से आजादी” का संदेश प्रमुखता से दिया गया। आयोजकों ने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब देश विकास के साथ-साथ स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण की दिशा में भी आगे बढ़े।

रैली काशीपुर रोड स्थित श्रीजी रेस्टोरेंट पहुंची, जहां प्रतिभागियों के लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई। इसके बाद सभी वाहन वापस कुमार ऑटो व्हीकल्स के शोरूम पहुंचे। शोरूम प्रबंधन की ओर से महिंद्रा के इलेक्ट्रिक वाहनों के ग्राहकों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया गया और कार्यक्रम में उनकी सहभागिता के लिए धन्यवाद दिया गया। इस अवसर पर इलेक्ट्रिक वाहनों के ग्राहकों ने भी पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर महिंद्रा इलेक्ट्रिक वाहनों के ग्राहकों में दीपा जी, जतिन जी, अभय जी, एचएल सक्सेना जी, गुरप्रीत सिंह जी और डॉ. मोहम्मद असीम मलिक जी सहित कई परिवार मौजूद रहे। वहीं कुमार ऑटो व्हीकल्स एवं महिंद्रा शोरूम की ओर से जसपाल सिंह जी, तारीख शम्सी जी, श्याम दास जी, ललित दुमका जी और गौरव मणि जी सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। “फ्रीडम ड्राइव” के माध्यम से आयोजित यह रैली स्वतंत्रता दिवस के उत्सव के साथ पर्यावरण संरक्षण और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने का प्रभावी संदेश देकर संपन्न हुई।
0 Comments