
रुद्रपुर। शहर की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में उस समय खलबली मच गई, जब भाजपा सरदार पटेल मंडल अध्यक्ष धीरेश गुप्ता के कार्यालय परिसर में बिजली चोरी पकड़े जाने का मामला सामने आया। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के बाद विद्युत विभाग के एसडीओ की ओर से मंडल अध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है, जिससे पूरा प्रकरण सुर्खियों में आ गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 जनवरी को एसडीओ अन्नू अरोरा के नेतृत्व में विद्युत विभाग और विजिलेंस टीम ने ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया था। इस दौरान धीरेश गुप्ता के परिसर में अवैध रूप से बिजली उपयोग किए जाने की पुष्टि हुई। मौके से चोरी में इस्तेमाल की जा रही लगभग 10 मीटर लंबी केबल भी बरामद की गई, जिसे टीम ने जब्त कर लिया। इसके बाद संबंधित धाराओं में ट्रांजिट कैंप थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई।
एफआईआर में दर्ज मोबाइल नंबर भी धीरेश गुप्ता का बताया जा रहा है, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है। धीरेश गुप्ता भाजपा सरदार पटेल मंडल के दूसरी बार अध्यक्ष हैं और पूर्व में नामित पार्षद भी रह चुके हैं। इस कार्रवाई के बाद पार्टी और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संगठन इस प्रकरण पर क्या रुख अपनाता है और आगे क्या कार्रवाई की जाती है।
0 Comments