
ऊधमसिंहनगर। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में अब तस्करों की अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों को चिन्हित कर कुर्क किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, जनपद में दो बड़े नशा तस्करों की कुल करीब 6.70 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत की जा रही है, ताकि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
पहले मामले में थाना पुलभट्टा क्षेत्र के कुख्यात स्मैक तस्कर रिफाकत के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने नशे के कारोबार से करीब 3.70 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति अर्जित की है। इन संपत्तियों को कुर्क करने के लिए 19 मार्च 2026 को सक्षम प्राधिकरण के समक्ष प्रकरण दर्ज कराया गया है।
गौरतलब है कि 1 जनवरी 2025 को पुलिस चेकिंग के दौरान रिफाकत ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके कब्जे से 1060 ग्राम स्मैक, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए थे। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि रिफाकत के खिलाफ हत्या, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जिससे उसके लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने की पुष्टि होती है।
दूसरे मामले में गांजा तस्करी के सरगना संजय गुप्ता के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। 11 अप्रैल 2025 को एक वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद उसका नाम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया।
जांच में पाया गया कि संजय गुप्ता ने नशे के कारोबार से करीब 3 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की है, जिसमें प्लॉट, दुकानें, मकान और वाहन शामिल हैं। इन संपत्तियों को कुर्क करने के लिए संबंधित प्राधिकरण को साक्ष्य प्रस्तुत किए गए हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की है कि नशे या अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
0 Comments