रुद्रपुर में 5वीं जिला स्तरीय महिला जु-जित्सू प्रतियोगिता का भव्य आयोजन,आत्मरक्षा के मंच पर उतरीं जनपद की 143 बहादुर बेटियां

रुद्रपुर, उधम सिंह नगर में जिला जु–जित्सू एसोसिएशन के तत्वावधान में 5वीं निःशुल्क जिला स्तरीय महिला जु–जित्सू प्रतियोगिता 2026 का आयोजन श्री दुर्गा मंदिर धर्मशाला के हॉल में किया गया। प्रतियोगिता में जनपद भर से कुल 143 बालिकाओं ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा और आत्मरक्षा कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला जु–जित्सू एसोसिएशन के अध्यक्ष भारत भूषण चुघ, पूर्व जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी डॉ. अनिल शर्मा, महासचिव ऋषि पाल भारती, कोषाध्यक्ष किशोर सिंह, उपाध्यक्ष जॉनी हीराम तिग्गा और वसीम खान द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। इस अवसर पर भारत भूषण चुघ ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं,
क्योंकि समाज और देश का समग्र विकास महिलाओं के सशक्तिकरण से ही संभव है। विशिष्ट अतिथि डॉ. अनिल शर्मा ने बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि उन्हें किसी भी परिस्थिति से घबराने की आवश्यकता नहीं है। वहीं कोषाध्यक्ष किशोर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक और सक्षम बनाना है, ताकि वे अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकें। महासचिव सेंसेई ऋषि पाल भारती ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में विभिन्न आयु व भार वर्गों में मुकाबले कराए गए, जिनमें कई बालिकाओं ने पदक जीते। अंडर-8 आयु वर्ग के -21 किग्रा में अनाया जोशी ने स्वर्ण, हिमांशी ने रजत तथा अनन्य गुप्ता और आराध्या सक्सेना ने कांस्य पदक प्राप्त किया, जबकि अंडर-10 के -24 किग्रा वर्ग में कुविरा चौहान ने स्वर्ण और नव्या ने रजत पदक जीता। प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक मंडल और बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

रुद्रपुर में 5वीं जिला स्तरीय महिला जु-जित्सू प्रतियोगिता का भव्य आयोजन,आत्मरक्षा के मंच पर उतरीं जनपद की 143 बहादुर बेटियां