मौत बनकर खड़े रहे एंगल और महीनों से सोता रहा प्रशासन,ठेकेदार की लापरवाही का खून से भुगतान

रुद्रपुर। प्रशासन और ठेकेदार की घोर लापरवाही ने एक 16 वर्षीय युवक की जिंदगी निगल ली। नैनीताल हाईवे पर सब्जी मंडी गेट के सामने महीनों से क्षतिग्रस्त पड़े डिवाइडर के बाहर निकले लोहे के एंगल ने गुरुवार देर रात यमराज का रूप धारण कर लिया और शिवनगर निवासी सचिन राठौर की दर्दनाक मौत का कारण बन गया। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और लोग प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि रात करीब 11:30 बजे सचिन राठौर अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही वे सब्जी मंडी गेट के सामने पहुंचे, सड़क के बीच बने क्षतिग्रस्त डिवाइडर से बाहर निकले नुकीले लोहे के एंगल से बाइक टकरा गई। यह एंगल सीधे सचिन की गर्दन में घुस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में दूसरा युवक घायल हुआ, जिसे चेहरे पर चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नैनीताल हाईवे पर पिछले कई महीनों से सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। जगह-जगह डिवाइडर क्षतिग्रस्त हैं और उनमें से लोहे के एंगल बाहर निकले हुए हैं, जो आए दिन हादसों को दावत दे रहे हैं। इसके बावजूद न तो ठेकेदार ने निर्माण कार्य पूरा किया और न ही प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन खतरनाक एंगलों को हटाया जाता या सड़क को दुरुस्त किया जाता, तो एक मासूम की जान बचाई जा सकती थी। हादसे के बाद मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां मातम का माहौल छा गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए। समाजसेवी संजय ठुकराल और गगन ग्रोवर ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। वहीं क्षेत्रीय लोगों और समाजसेवी संजय ठुकराल ने प्रशासन पर कड़ा रोष जताते हुए कहा कि विगत कई महीनों से यह ‘यमराज रूपी एंगल’ हादसों को न्योता दे रहा था, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और ठेकेदार आंखें मूंदे बैठे रहे। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते सड़क निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाता और खतरनाक डिवाइडर को ठीक कर दिया जाता, तो आज एक परिवार का चिराग बुझने से बच सकता था। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क को सुरक्षित नहीं बनाया गया और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो क्षेत्रवासी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Post a Comment

0 Comments

मौत बनकर खड़े रहे एंगल और महीनों से सोता रहा प्रशासन,ठेकेदार की लापरवाही का खून से भुगतान