
रुद्रपुर। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में रविवार प्रातः मनोज सरकार स्टेडियम में जनपद स्तरीय क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसका शुभारंभ विधायक शिव अरोरा ने हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल भावना का परिचय दिया।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के चार वर्ष “बेमिसाल” रहे हैं, जो राज्य के विकास में मील का पत्थर साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में सरकार ने कई ऐतिहासिक और सख्त निर्णय लिए हैं, जिनका व्यापक प्रभाव प्रदेश की व्यवस्था और समाज पर देखने को मिल रहा है। उन्होंने इन निर्णयों को उत्तराखंड के हित में साहसिक कदम बताया।
विधायक अरोरा ने कहा कि सरकार द्वारा सख्त धर्मांतरण कानून लागू कर सामाजिक संतुलन बनाए रखने का प्रयास किया गया है, वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नकल विरोधी कानून लागू किया गया। इसके अलावा समान नागरिक संहिता लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है। उन्होंने कहा कि इन फैसलों ने प्रदेश की पहचान को नई दिशा देने का कार्य किया है।

विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि बीते चार वर्षों में रुद्रपुर को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात मिली है। इनमें 21 किलोमीटर लंबी रिंग रोड, त्रिशूल चौक से अटरिया मोड़ तक 8 लेन सड़क निर्माण, गांधी पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए 5 करोड़ रुपये की योजना, काशीपुर बायपास के चौड़ीकरण का कार्य, मोदी मैदान में इंडोर-आउटडोर स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया और रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज व केंद्रीय विद्यालय की कक्षाओं को वर्ष 2026 से प्रारंभ करने के प्रयास प्रमुख हैं। साथ ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
कार्यक्रम के अंत में विधायक शिव अरोरा ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिस प्रकार यह दौड़ निरंतर आगे बढ़ रही है, उसी प्रकार उत्तराखंड में विकास का पहिया भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी सहित विजय कुमार, मयंक कक्कड़, अभिषेक मिश्रा, सुनील कुमार, राघव सिंह और प्रेमपाल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
0 Comments