रुद्रपुर। शहर में मंगलवार को नॉनवेज बिक्री पर लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन करना तीन दुकानदारों को महंगा पड़ गया। नगर निगम की टीम ने सख्ती दिखाते हुए तीन अलग-अलग दुकानों पर छापेमारी की, जहां नियमों के विरुद्ध मांस बेचा जा रहा था। कार्रवाई के दौरान तीनों दुकानदारों के पांच-पांच हजार रुपये के चालान काटे गए और मौके से खाद्य सामग्री के साथ अन्य सामान भी जब्त कर लिया गया।
नगर निगम प्रशासन द्वारा पहले से ही मंगलवार को कच्चे और पके हुए मांस की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद कुछ दुकानों पर नॉनवेज बिकने की शिकायतें मिल रही थीं। इस पर महापौर विकास शर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए निगम की टीम को तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद पूरे शहर में अभियान चलाया गया।

निगम की टीम जब त्रिशूल चौक क्षेत्र में छापेमारी के लिए पहुंची तो वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जांच के दौरान इंडियन रेस्टोरेंट और बिस्मिल्ला रेस्टोरेंट में नॉनवेज खाद्य सामग्री तैयार होती पाई गई। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों स्थानों से पके हुए खाद्य पदार्थ और बर्तन जब्त कर लिए और संचालकों पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
इसके बाद टीम ने ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में स्थित सरदार जी चिकन दुकान पर छापा मारा। यहां कच्चा मांस मिलने पर निगम अधिकारियों ने तराजू और अन्य सामान जब्त कर लिया। साथ ही दुकान मालिक के खिलाफ पांच हजार रुपये का चालान काटते हुए कड़ी चेतावनी भी दी गई कि दोबारा नियमों का उल्लंघन करने पर दुकान सील कर दी जाएगी।

अभियान के दौरान निगम अधिकारियों ने अन्य होटल और ढाबा संचालकों को भी स्पष्ट संदेश दिया कि शहर में लागू नियमों का पालन हर हाल में करना होगा। अधिकारियों ने कहा कि मंगलवार को किसी भी रूप में मांस की बिक्री या परोसना पूरी तरह प्रतिबंधित है और इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस छापेमारी अभियान में नगर निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे, जिनमें जेई मनोज कुमार गहतोड़ी, जेई शुभम कुमार, शुभम सिंह, पंकज बिष्ट, भूपेंद्र, जसवीर और सुमित सहित अन्य स्टाफ और सुरक्षाकर्मी शामिल थे। निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि नियमों की अनदेखी अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
0 Comments