
रुद्रपुर। ग्रामीण क्षेत्रों को नगर निकायों, नगर पालिका, नगर पंचायत और नगर निगम में शामिल किए जाने के बावजूद वहां रहने वाले लोगों को अब तक स्वामित्व का अधिकार नहीं मिल पाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं भाजपा काशीपुर जिला प्रभारी भारत भूषण चुघ लंबे समय से प्रयासरत हैं। इसी क्रम में चुघ ने दिल्ली में केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से उनके कैंप कार्यालय में मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। चुघ ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष रुद्रपुर और किच्छा क्षेत्र के शहरी सीमा में शामिल किए गए गांवों के निवासियों को स्वामित्व का अधिकार दिलाने की मांग प्रमुखता से रखी।
भारत भूषण चुघ ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि कुछ समय पूर्व रुद्रपुर और किच्छा क्षेत्र के कई ग्रामीण इलाकों को शहरी क्षेत्र में शामिल किया गया है। इन क्षेत्रों को नगर पालिका, नगर पंचायत और नगर निगम की सीमा में शामिल किए जाने के बाद भी लंबे समय से वहां के निवासियों को उनकी संपत्तियों का स्वामित्व अधिकार नहीं मिल पाया है। इसके चलते लोगों को अपनी जमीन और मकानों से जुड़े कार्यों में अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि हजारों लोग इस समस्या से प्रभावित हैं और लंबे समय से स्वामित्व अधिकार मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। ऐसे में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए इस मामले का शीघ्र समाधान किया जाना जरूरी है।
चुघ ने बताया कि इस मांग को लेकर वह इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी दो बार मुलाकात कर चुके हैं और उन्हें भी ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया था। मुख्यमंत्री की ओर से उन्हें जानकारी दी गई थी कि यह मामला केंद्र सरकार से संबंधित होने के कारण उनके ज्ञापन की प्रतिलिपि केंद्रीय शहरी विकास मंत्री को प्रेषित कर दी गई है। इसके बाद चुघ ने दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी देते हुए प्रभावित लोगों को स्वामित्व का अधिकार दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भारत भूषण चुघ को आश्वस्त किया कि इस समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के निरंतर उत्थान और जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। चुघ ने केंद्रीय मंत्री द्वारा मामले को गंभीरता से लेने और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिए जाने पर उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से रुद्रपुर-किच्छा क्षेत्र में शहरी सीमा में शामिल किए गए गांवों के हजारों निवासियों को जल्द स्वामित्व अधिकार का लाभ मिल सकेगा।
0 Comments