रुद्रपुर। सनातन संस्कृति के अंतर्गत पितृ तर्पण और आशीर्वाद प्राप्ति के उद्देश्य से आयोजित 10 दिवसीय मोक्षदायिनी श्रीरामकथा महायज्ञ के लिए मंगलवार को शहर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा आय एलायंस मंदिर से प्रारंभ होकर कथा स्थल तक पहुँची। इस दौरान नगरभर में श्रद्धालु जनसमूह उमड़ पड़ा।
कलश यात्रा में प्रख्यात समाजसेवी एवं यजमान सुशील गाबा अपनी धर्मपत्नी शीतल सुशील गाबा के साथ शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, गोपी सिंह, विपुल सिंह समेत अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
कथा संयोजक आचार्य पवन पाण्डेय ने बताया कि प्रयागराज के सुप्रसिद्ध कथावाचक श्री शान्तनु जी महाराज के मुखारविंद से नवरंग वाटिका पार्क में 10 दिवसीय श्रीरामकथा का शुभारंभ किया जा रहा है। कथा के दौरान श्रीराम जन्म, शिव विवाह, सीता-राम विवाह, भरत चरित्र, सुन्दरकांड, रावण वध और श्रीराम राज्याभिषेक तक की दिव्य लीलाओं का मंचन होगा।

यजमान सुशील गाबा ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन विश्व कल्याण और समस्त बंधुगण के पितरों की शांति के लिए समर्पित है, अतः सभी को कथा श्रवण में सम्मिलित होकर पुण्य अर्जित करना चाहिए। उन्होंने श्रीराम सेवा दल के पदाधिकारियों, ग्रीन पार्क, शारदा कॉलोनी, धामा एन्क्लेव, डिवाइन कॉलोनी समेत सभी सेवादारों को आयोजन की सफलता हेतु साधुवाद दिया।
इस अवसर पर एलायंस कमेटी के कोषाध्यक्ष ओम सचदेवा, संजय ठुकराल, दिनेश सक्सेना, हैप्पी रंधावा, संजीव शर्मा, संजीव राय, गुरप्रताप सिंह, राहुल भारद्वाज, नितिन कौशिक, सी.एल. शुक्ला, आलोक सक्सेना, पवन पाण्डेय, मोहित गंभीर, उज्ज्वल आदि मौजूद रहे।
0 Comments