मोदी मैदान में 23.32 करोड़ से बनेगा अत्याधुनिक इंडोर-आउटडोर स्टेडियम

रुद्रपुर, 14 अगस्त। रुद्रपुर के मोदी मैदान में अत्याधुनिक इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के तहत खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में राज्य सरकार ने परियोजना के लिए 23.32 करोड़ रुपये की लागत को औचित्यपूर्ण माना है। स्टेडियम के निर्माण से रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों के अभ्यास, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को राज्य सचिवालय में हुई बैठक में रुद्रपुर के मोदी मैदान में प्रस्तावित इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम सहित जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं पर चर्चा की गई। बैठक में स्टेडियम निर्माण के लिए तैयार किए गए आगणन की समीक्षा के बाद 2332.05 लाख रुपये यानी करीब 23.32 करोड़ रुपये की धनराशि को औचित्यपूर्ण पाया गया। इससे परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत मोदी मैदान में स्टेडियम का निर्माण प्रस्तावित है। परियोजना के क्रियान्वयन के लिए पूर्व में खेल विभाग को आवंटित स्थान को आवास विभाग के नाम स्थानांतरित किया जा चुका है। वहीं, स्टेडियम निर्माण के लिए उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। संबंधित विभागों की कार्रवाई पूरी होने के बाद निर्माण कार्य को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। स्टेडियम निर्माण के लिए उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम, ऊधमसिंहनगर की ओर से कुल 2374.56 लाख रुपये का आगणन तैयार किया गया था। नियोजन विभाग के टीओसी परीक्षण के बाद इसमें से 2332.05 लाख रुपये की लागत को औचित्यपूर्ण माना गया है। करीब 23.32 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत के आधार पर अब परियोजना की आगामी औपचारिकताओं और निर्माण संबंधी कार्यवाही को गति मिलने की संभावना है।
प्रस्तावित स्टेडियम का परिसर मोदी मैदान की विस्तृत भूमि पर विकसित किया जाएगा। कुल 9.1915 हेक्टेयर भूमि में से करीब 8.594 हेक्टेयर क्षेत्र को स्टेडियम परियोजना के लिए प्रस्तावित किया गया है। मैदान के दोनों ओर सड़कें होने के कारण स्टेडियम तक पहुंच और आवागमन की सुविधा भी बेहतर रहने की उम्मीद है। परियोजना को इस तरह विकसित करने की योजना है कि यह खेल गतिविधियों के साथ-साथ बड़े सामाजिक, सांस्कृतिक और अन्य सार्वजनिक आयोजनों के लिए भी उपयोगी साबित हो। इंडोर और आउटडोर दोनों तरह की खेल सुविधाएं विकसित होने से स्थानीय खिलाड़ियों को फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों में अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच मिलेगा। आधुनिक सुविधाओं से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम होगी तथा स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। इससे रुद्रपुर में खेल गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
स्टेडियम परियोजना को रुद्रपुर में खेल सुविधाओं के विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। औद्योगिक नगरी के रूप में पहचान रखने वाले रुद्रपुर को खेल प्रतिभाओं के केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी यह परियोजना अहम साबित हो सकती है। आधुनिक खेल परिसर तैयार होने से युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहन मिलेगा और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी शहर में बेहतर आधारभूत सुविधा उपलब्ध होगी।
वहीं, इसी क्रम में हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार के लिए भी 15 करोड़ रुपये की धनराशि अवस्थापना विकास निधि से प्रस्तावित की गई है। सरकार के इन दोनों फैसलों को क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और युवाओं के लिए खेल संसाधनों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मोदी मैदान में स्टेडियम बनने के बाद रुद्रपुर में खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं वाला नया प्लेटफॉर्म मिलने के साथ शहर में खेल गतिविधियों को व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Post a Comment

0 Comments

मोदी मैदान में 23.32 करोड़ से बनेगा अत्याधुनिक इंडोर-आउटडोर स्टेडियम