“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत विकास खण्ड खटीमा की न्यायपंचायत बण्डिया के राजकीय इंटर कॉलेज बण्डिया में बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता एवं नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर ही करना है, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
अतिथियों ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सभी वर्गों, किसानों और पिछड़े वर्गों के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र व्यक्तियों तक शत-प्रतिशत पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

शिविर में 24 विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने निःशुल्क जांच कर दवाएं वितरित कीं और एक्सरे भी किए। कुल 1,583 लोगों को विभिन्न विभागों की सेवाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में 58 शिकायतें पंजीकृत हुईं, जिनमें से 19 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 509 लोगों की जांच, होम्योपैथिक द्वारा 160, आयुर्वेद द्वारा 130 का उपचार किया गया तथा 79 एक्सरे किए गए। श्रम विभाग ने 18 श्रम कार्ड बनाए और लाभार्थियों को टूल किट, कंबल व छाता वितरित किए।

समाज कल्याण विभाग ने पेंशन, दिव्यांग सहायता, शादी अनुदान सहित विभिन्न योजनाओं के आवेदन स्वीकार किए। शिक्षा विभाग द्वारा बालिकाओं को साइकिल चेक तथा 115 बच्चों को पुस्तकें वितरित की गईं, जबकि कृषि, पशुपालन, उद्यान, सहकारिता, बैंक एवं अन्य विभागों ने भी सैकड़ों लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र राणा, ग्राम प्रधान भावना कुंवर, मो. रफीक, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी, तहसीलदार वीरेन्द्र सजवान, खंड विकास अधिकारी संजय गांधी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही समाधान के प्रयास किए, जिससे शिविर को व्यापक सराहना मिली।
0 Comments