3 करोड़ की स्मैक के साथ किच्छा में तस्कर गिरफ्तार,बरेली से कुमाऊं लाई जा रही थी नशे की खेप

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत किच्छा पुलिस एवं एसटीएफ/एएनटीएफ कुमाऊं यूनिट को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। मुख्यमंत्री उत्तराखंड पुष्कर सिंह धामी की नशा मुक्त देवभूमि मुहिम को धरातल पर उतारते हुए पुलिस ने कुमाऊं क्षेत्र में करोड़ों रुपये की स्मैक की खेप खपाने की साजिश को समय रहते विफल कर दिया।
संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान 30 जनवरी 2026 को कोतवाली किच्छा क्षेत्र अंतर्गत बीरूनगला रोड दरऊ से एक शातिर नशा तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अभियुक्त सहनवाज पुत्र इस्तेखार, निवासी इस्लामनगर वार्ड संख्या 15, बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) को मोटरसाइकिल सहित दबोचा, जिसके कब्जे से 1 किलो 33 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग तीन करोड़ दस लाख रुपये बताई गई है। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उक्त स्मैक उसे बरेली जनपद के बहेड़ी क्षेत्र के एक व्यक्ति द्वारा उपलब्ध कराई गई थी, जिसे वह सितारगंज क्षेत्र निवासी हरजिंदर नामक व्यक्ति को सप्लाई करने जा रहा था। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि कुमाऊं में नशे की बड़ी खेप पहुंचाने की पूरी तैयारी थी, जिसे पुलिस ने सतर्कता से नाकाम कर दिया। तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के लिए पुलिस द्वारा गहन जांच की जा रही है।
इस मामले में थाना किच्छा में एफआईआर संख्या 30/2026 अंतर्गत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। अभियुक्त को विधिक प्रक्रिया के तहत माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, वहीं उसके आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की जा रही है ताकि पूर्व में की गई किसी भी आपराधिक गतिविधि का खुलासा किया जा सके। इस सफल कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी सितारगंज भूपेंद्र सिंह धोनी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली किच्छा प्रकाश सिंह दानू, निरीक्षक एसटीएफ/एएनटीएफ पावन स्वरूप सहित किच्छा पुलिस और एसटीएफ/एएनटीएफ कुमाऊं यूनिट के अधिकारियों व कर्मचारियों की अहम भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ ऐसी कठोर कार्रवाइयां भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगी, ताकि जनपद और पूरे कुमाऊं क्षेत्र को नशामुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।

Post a Comment

0 Comments

तो क्या कॉलोनाइजर की बेरुखी का ऐसा रहा आलम कि अब खंडहर में तब्दील हो रहा पालम ?