संविधान सबसे सशक्त ग्रंथ, अधिकारों संग कर्तव्यों का पालन जरूरी: डीएम

जनपद में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला कार्यालय परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके आश्रितों को पुष्पमालाएं व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया, साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों व नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे सशक्त, सार्वभौमिक और समावेशी संविधान है। उन्होंने कहा कि हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करना चाहिए, तभी लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत होंगी। उन्होंने कहा कि हमारे देश का संविधान सभी वर्गों को समान अधिकार देता है और राष्ट्र को एक सूत्र में बांधे रखने का कार्य करता है। यह संविधान आज भी देश के लिए मार्गदर्शक की भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे देश और समाज के हित में कार्य करें तथा स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों से प्रेरणा लें। उधर, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने विकास भवन में ध्वजारोहण कर गणतंत्र दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों का आचरण न केवल कार्यालय के भीतर बल्कि बाहर भी सकारात्मक होना चाहिए, ताकि आमजन के मन में सरकार और उसके तंत्र के प्रति विश्वास और सम्मान बना रहे।
उन्होंने आगे कहा कि सभी अधिकारी व कर्मचारी टीम भावना के साथ कार्य करें, क्योंकि सामूहिक प्रयास से कठिन कार्य भी सरल हो जाते हैं। उन्होंने सभी से अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और पारदर्शिता के साथ करने का आह्वान किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय एवं कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, तहसीलदार दिनेश कुटौला, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति का माहौल बना रहा और सभी ने संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments

तो क्या कॉलोनाइजर की बेरुखी का ऐसा रहा आलम कि अब खंडहर में तब्दील हो रहा पालम ?